मैं कौन हूं
ये यक्ष प्रश्न प्रायः ही
सुरसा के मुख की तरह
मुंह बाये हमारे सामने
आकर खड़ा हो जाता है
अपने अस्तित्व के अर्थ की खोज में
इस प्रश्न से करना ही पड़ता है सामना
जीवन में हैं
कितने अभाव, कितने दुख, कितनी विवशताएं
अपने हिस्से न भी हों तो
औरों के दुखों को कैसे अनदेखा कर जायें
सत्य मिथ्या कल्पनाएं
कितनी दुर्घटनाएं कितनी विभीषिकाएं
कितनी इच्छाएं कितनी कामनाएं
कितनी दमित वासनाएं
कितनी आशंकाएं कितनी चिंताएं
कितने द्वेष कितनी दुर्भावनाएंं
कितनी पीड़ाएं कितनी वेदनाएं
कितने बंधन कितनी काराएं
कहीं सुख की बारिश
कहीं दुख की धूप
कहीं अधरों पर हास या
कभी नयनों में अश्रु
स्वार्थ संबंध या
निस्वार्थ जुड़ाव
चाहिए गति या चाहिए ठहराव
यह पल जो है
या जो बीत गया
या जो आने वाला है
ध्येय क्या लक्ष्य क्या
उद्देश्य क्या
कब चलना कब रूकना कब करना विश्राम
कब तक चलेगीं सांसे कब लग जायेगा पूर्ण विराम
लिख दिया भाग्य ने अमिट लेख
या बदल सकता है पुरुषार्थ इसे
जीवन की दिशाएं है
हैं पूर्व निर्धारित
या चाहें तो पथ बदल सकते हैं
चलना इस राह पर जरूरी
या डगर अपनी बदल सकते हैं
ये बंधन ये काराएं, बंधे हैं इसमें स्वेच्छा से
या है मजबूरी, क्या इनमें से चाहकर भी
निकल सकते हैं
हैं ईश्वर कहीं या कल्पना की है अद्भुत रचना
या सभ्यता के विकास के साथ
गढ़ ली हमनें नयी नयी परिभाषाएं
सबके हैं अपने अपने ईश्वर
यदि है. तो
क्या सचमुच मेरे. उनके सबके ईश्वर हैं अलग
क्यों बंदूकों के साये मे पलते हैं शांति के स्वप्न
क्यों हो जाती हैं बेबस लोगों की पीड़ाओं के स्वर गौंण
क्यों ज्यादातर लोगों के हिस्से में
ही आती है सारी पीड़ाएं
सारी भूख प्यास दुख थकन
जेठ की जलन पूस की गलन
क्यों कुछ के रहने के लिए
हैं सुंदर घर ,प्रासाद आलीशान
पर जो बनाते हैं घर दूसरों के लिए
उनके सर पर छत ही नहीं
क्यो़ं आज भी वो ठोकरें खाते
फिरते हैं असहाय
इधर से उधर
प्रकृति का कर लिया हमने दोहन इतना
क्या अस्तित्व संकट में है सम्पूर्ण मानवता का
ये महामारी, ये तूफान ,ये भूकम्प, ये बाढ़,
क्या हैं प्रकृति के इशारे
एक लघु कण ने करवाया है
जीवन की नश्वरता का बोध
मृत्यु जैसे बन गई है. मात्र आंकड़ा
जगती नहीं क्यों अब जैसे संवेदनाएं
क्यों मात्र कुछ के हिस्से में बिछौने फूलों के
बाकियों के लिए शय्या शूलों की
क्यों कुछ के पेट आज भी हैं खाली
क्यो़ं आज भी होता जाति धर्म रंग रूप
के आधार पर भेद, और
धनवान निर्धन में भेदभाव
क्यों विरोध का एक भी स्वर
शिखर पर बैठे
लोगों को होता नहीं सहन
क्यों कुछ लोगों के हाथों मे होकर जाता है सीमित
सम्पूर्ण मानवता का भाग्य
क्यों फैली है इतनी. विषमताएं
क्यों कुछ लोगों के हाथों तक है सीमित.
सारे संसाधन सारे सुख सारी समृद्धि
सारी शक्ति ,बाकी हैं निर्बल निसहाय
अब बस रहा है
एक नव मायावी संसार ,जहां
हर तरफ तैर रहे कितने चित्र
कितनी ध्वनियां
कितने विचार
कितने नव संबधों का हो रहा सृजन
जुड़ रहे हैं जाने किस के एक दूसरे से तार
कितने संबंध टूटे यहां मात्र ऊंगलियों की क्लिक से
ये आभासी दुनिया है सत्य. या मात्र आभासी ही
इसमें मेरा स्थान क्या
मन मे इतने उमड़ते घुमड़ते सारे प्रश्नों का उत्तर तो
मिलता ही नहीं
कुछ प्रश्न हल.हो जाते हैं
कुछ उलझ जाते हैं और भी
कुछ नये प्रश्नों का होता है जन्म
पर जीवन तो चलता रहता है
इसी खोज के साथ
कि मैं कौन हूं
कुछ अपनी कथा
कुछ जग की व्यथा लिए
अंतिम श्वास तक।
2. लगता था कभी
जैसे लगता है सबको ही कि
अग्नि सी है प्रज्जवलित रहती थी धमनियों में, शिराओं में रक्त का प्रवाह तेज रहता था
पांवों में चपल बिजलियां दौड़तीं थीं,
हाथों में जैसे लगता था है बसी
धरती को हिलाने की शक्ति है,
मन में रहता था,
समस्त कल्पित अपार संभावनाओं के
सत्य होने का विश्वास।
पर धीरे धीरे समय के साथ
धमनियों की अग्नि राख बन गई
शिराओं का रक्त प्रवाह गतिहीन हो गया
पांवों की बिजलियां मौन हो गईं,
हाथ में होता है कंपन निर्बलता से
मुख पर समय की रेखाओं की
स्पष्ट छाप हो रही है परिलक्षित।
समय कितना क्रूर होता है
धीरे धीरे छीन लेता है हमसे
वो सब कुछ हमारा
जिस पर कभी हम इतराते थे।
फिर जैसे जीवन घूमता रहता है
उन्हीं स्मृतियों के घेरे में।
यही सोचता हुआ
क्या हम कर सकते थे,
क्या हमने करना चाहा,
क्या हमको करना पड़ा
मैं कौन हूं इस प्रश्न के उत्तर के स्थान पर
सोचते रहते हैं मैं कौन था।