एक घटना जो घटी है
सामान्य तो नहीं है
समाज के सामने
प्रश्न और भी बड़े हैं 
सामने जो आज खड़े हैं
चलती रही निर्वस्त्र वह छोटी बालिका
लगभग तीन कोस तड़पती, लहूलुहान
और रास्ते में न जाने कितने घर थे
हर घर में रहीं होंगी कुछ स्त्रियां
कुछ किशोर वय लड़कियां
पड़ी तो होंगीं नि:संदेह
इनमें से कुछ की दृष्टियां
पर क्या किसी में नहीं जागी
थोड़ी सी भी करुणा
थोड़ा सा भी साहस
कि डाल देते उसके शरीर पर
वस्त्र का एक टुकड़ा
अगर नहीं साहस था देने का आश्रय
किसी अज्ञात भय से
या अभी भी द्वारों पर है पुरुषों का पहरा
जिसे लांघने के लिए
अभी भी लेनी पड़ती है उनसे आज्ञा।
किसी ने बंद द्वारों के पार से
क्यों नहीं किया विद्रोह ,
खोले क्यों नहीं एक भी द्वार
खुले क्यों नहीं एक भी द्वार!
क्यों नहीं खुले अनेक द्वार?
क्यों नहीं किसी के कानों तक पहुंची
उसकी करुण कातर पुकार?
क्या अर्थ रह जायेगा
कल जुलूस निकाल कर
उसके लिए न्याय मांगने का।