क्यों लड़े जाते हैं युद्ध ?
युद्ध लड़े जाते हैं सीमाओं के विस्तार के लिए,
युद्ध लड़े जाते हैं प्रतिकार के लिए,
युद्ध लड़े जाते हैं अधिकार के लिए,
युद्ध लड़े जाते हैं अहंकार के लिए ,
युद्ध लड़े जाते हैं स्वाभिमान के लिए
युद्ध लड़े जाते हैं स्वाधीनता की रक्षा के लिए
युद्ध लड़े जाते हैं अस्तित्व के आधार के लिए।
युद्ध जन्म लेते हैं कितनी ही बार
वर्षों के अनसुलझे विवादों से,
वर्षों के शोषण की अपमान जनित पीड़ा से
युद्ध जनमते हैं ,
शासकों की मूर्खता और अहंकार से,
जब उन्हें अपनी महानता का
झूठा दंभ होता है और
दूसरे की क्षुद्रता का झूठा भ्रम,
फिर वो निकल पड़ते हैं
सब क्षुद्रों को,
उनकी क्षुद्रताओं से मुक्त कराने
जो यह तभी संभव है,
जब वो सब हों उसके शासन के अधीन।
युद्ध लड़े जाते हैं
पुरानी पराजय के प्रतिशोध के लिए
पराजय को जय में बदलने के लिए।
किसी संभावित खतरे की आशंका भी
कितनी बार ही
कारण होती है,
युद्ध की शुरुआत का,
शत्रु के आक्रमण से पूर्व ही
उस पर आक्रमण करने की प्रथा पुरानी है।
युद्ध जब थोप दिए जायें तो
क्या रह जाता है विकल्प
सिवा लड़ने के
या बिना लड़े घुटने टेक देने के
बिना लड़े
शायद ही कोई व्यक्ति या राज्य
करना चाहता है ऐसा समर्पण।
एक बार जब
प्रारंभ हो जाता है युद्ध तो,
ध्वस्त हो जाते हैं,
नैतिकता के सारे नियम,
धरे के धरे रह जाते हैं,
मानवता के सारे आदर्श।
हर युद्ध का होता है
बस एक ही लक्ष्य,
जय अपनी ,विजय अपनी
शत्रु की पराजय ,
वार ऐसे कि,
हो शत्रु को पीड़ा असह्य ,
वर्षों तक सहलाता रहे
शत्रु घाव अपने ।
युद्ध का कारण कुछ भी हो,
युद्ध का परिणाम कुछ भी हो ,
सत्य तो है यही ,
घाव दोनों पक्षों को लगते हैं
शव दोनों पक्ष ही ढोते हैं,
कितने अपनों को दोनों पक्ष ही खोते हैं
दुख में दोनों पक्षों के लोग रोते हैं।