कैसे उगता है वृक्ष प्रेम का?
होता कब अंकुरित बीज प्रणय का?
क्या दृष्टियों के मूक मेल से?
क्या शब्दों के आदान-प्रदान से?
क्या सौंदर्य मात्र के आकर्षण से?
क्या विचारों के मेल से?
क्या संसार के सुखों की सरल आकांक्षा से?
क्या देह के सौंदर्य से?
क्या कभी अकस्मात
दिख जाने से आत्मा का कोई
अदृश्य अलौकिक सौंदर्य?
क्या बह सकती है कोई नदी प्रेम की
मौन एक हृदय से दूसरे हृदय तक
लेकर निर्मल प्रीत जल?
क्या अंकुरित हो सकता है
कोई प्रणय बीज एक हृदय से
मीलों दूर किसी दूसरे हृदय में
हवा में करता हुआ अपनी यात्राएं?
(फरवरी माह जब हवाओं में हर तरफ प्यार सा घुला हो)