कोल्डप्ले के कंसर्ट की टिकटों के लिए
कल लाखों युवा बच्चे
अपने कम्प्यूटर, लैपटॉप,
मोबाइल पर
बुक माई शो की साइट खोलकर बैठे थे,
टिकटें बहुत कम थीं
और चाहने वाले ज़्यादा।
इसलिए जिन्हें टिकटें मिली
वो ख़ुश क़िस्मत थे
जिन्हें नहीं मिलीं
वो उदास और दुःखी।
एक बहस सी छिड़ गई कि
ऐसा पागलपन
क्यों है युवाओं में ?
क्यों युवा दीवाने हैं
एक विदेशी बैंड के संगीत के प्रति ?
ऐसा क्यों हैं कि
जिनके पिताओं ने, माताओं ने कभी
किशोर कुमार, मुहम्मद रफ़ी,लता मंगेशकर
या और भी अपनी भाषाओं का
गीत संगीत छोड़कर
कुछ न सुना
न कुछ जाना
उनकी संतानें
कोल्डप्ले या किसी और
विदेशी गायक या बैंड के दीवाने हैं।
हम शायद भूल गए हैं कि
जब हम सुन रहे थे संगीत और
देख रहे थे फिल्में,
तो हमसे बहुतों के पिता का
इनसे दूर-दूर तक कोई वास्ता न था
या उन्हें सख़्त नफ़रत थी
इन दोनों से ही
माताएं शायद उदार थीं,
पर फ़िर भी हमने वो संगीत सुना
और फिल्में देखीं
बताकर या छुप -छुपकर।
हम कौन होते हैं
अपने वयस्क बच्चों के
गीत चुनने वाले।
हमें या हमारे माता-पिता को
या परिवार को
बहुत कुछ नहीं उपलब्ध था
उस समय,
जो उन्हें
सहजता से उपलब्ध है इस समय,
सीमाओं से परे
समय के प्रतिबंधों से परे
लगभग मुफ़्त।
वो सुनते हैं,समझते हैं और
अपनी पसंद जानते हैं,
किसी की थोपी हुई पसंद
उन्हें स्वीकार नहीं।
हमने और समाज ने उनको
जो देना था दिया
ज्ञान, शिक्षा, संस्कार
या जो भी पाया उन्होंने
देखकर, सुनकर, समझकर
अब निर्णय का अधिकार
उनका अपना है।
शायद उनमें से अधिकांश
अपना अर्थशास्त्र भी समझते हैं।
हां यदि वो हमसे
टिकटों का पैसा मांगते हैं
तो अस्वीकार करना
हमारा अधिकार है।
मात्र संस्कार, संस्कृति
और नैतिकता का
पाठ पढ़ाकर हम
बदलते समय के-
बदले हुए
टूटती सीमाओं वाले संसार में
उनके निर्णय को संभवतः बदल न पाएं।