एक सूखा हुआ फूल है, अपनी शाख से टूटा

जिसे अब कोई मंदिर में नहीं चढ़ाता 


एक आलीशान इमारत का उजड़ा हुआ खंडहर है

जहां अब कोई नहीं आता-जाता


एक सूखा हुआ सा दरख़्त है,जिसकी छांव में

बैठकर अब कोई भी नहीं सुस्ताता


एक पुराना शायर है, भूले हैं सब जिसे

अब उसे महफ़िलों में कोई नहीं बुलाता


एक यतीम बच्चा है,जिसका सर

अपनी गोद में रखकर,अब कोई लोरियां नहीं सुनाता


एक पुराना सा मंदिर है जिसमें

पूजा करने के लिए अब कोई भी नहीं जाता


एक वीरान सा घर है जिसकी दहलीज़ पर

अब हर शाम कोई भी दिया नहीं जलाता


प्यार का एक पुराना भूला हुआ सुरीला गीत है

जिसे अब इन दिनों कोई भी नहीं गुनगुनाता


इक शख़्स कहीं,ख़ुद में गुम, खोया है इन्हीं कूचों में

कोशिशों के बावजूद अब उसे कोई ढूंढ़ नहीं पाता


इक टूटा दिल है नाकाम-औ-नाशाद सा

जिसके टूटने का कोई अफसोस नहीं मनाता


एक भूला हुआ मुसाफ़िर है अपने रास्ते से

जिसे उसके रास्तों का पता कोई नहीं बताता


इक ख़्वाब है शर्मीला सा, कबसे दबा हुआ सीने में

मगर वो निगाहों में ,कभी नहीं आता