किसकी आवाज़ ने मुझे छुआ

किसके शब्दों ने मुझे सहलाया

किसने दूर से देखे दुख मेरे

कौन दूर-दूर रहकर भी

मेरे कितने समीप आया।


किसको छुआ मेरे शब्दों ने

किसने मेरे दुख में

देखा दुख अपना

किसने देख मुझे

जीने का थोड़ा सा साहस

थोड़ा सा संबल पाया।


किसको देख मुझे 

रचने की थोड़ी सी आस मिली

कुछ बातों पर

थोड़ा सा विश्वास हुआ और गहरा।


किसको देख मुझे

मुझे किसको देख

दृष्टि की जैसे थोड़ी सी प्यास मिटी।


किसने मुझको पाया थोड़ा सा

किसको मैंने थोड़ा सा पाया।


किसने मेरी कल्पनाओं में

किया स्पर्श मुझे

किसको मैंने

अपनी

कल्पनाओं में गले लगाया।