वो अपने मरते हुए और
टूटते हुए सपनों की हताशा लेकर
सड़कों पर उतरे हैं
ये सोचकर कि शायद वहां
इक हुजूम में चलने से
सुनी जायेगी उनकी आवाज़
उन्हें था यकीं कि
गर कुछ भी हासिल न हुआ
तो जिनसे उन्हें उम्मीद है
उनमें से कोई आकर उन्हें कम से कम
कोई तसल्ली ही बंधा देगा
उन्हें अपने आवाज़ की बेबसी पर
तरस आता है
वो चीख रहे हैं
मगर उनकी चीखें कोई नहीं सुनता
उन्हें इस बात का भी दर्द ज़्यादा है कि
उनकी चीखों में छुपा दर्द
कोई महसूस नहीं कर पाता
उन्हें इस बात का भी दुःख है कि
क्यों कोई इस दुख और बेबसी की घड़ी में भी
उन्हें ढांढस नहीं बंधाता
अगर वो भटके है अपने रास्ते से तो
क्यों कोई रहबर आकर उन्हें रास्ता नहीं दिखाता
क्यों कोई उनके आंसू पोछने नहीं आता
उन्हें इस तरह से अपने
ख़ारिज किए जाने का दुःख है
अब उनके दुख उनकी पीड़ाएं जल रही हैं