इस नगर में

कितनी खोखली

और जर्जर दीवारें हैं,

पर इस नगर में दीवारें गिराने पर

एक अलिखित-अघोषित प्रतिबंध है।


दीवारें कितनी भी जर्जर

और खोखली क्यों न हो,

आप उनको गिरा नहीं सकते,

हां नयी दीवारें

आप चाहे जितनी उठा सकते हैं,

पुरानी दीवारों को मजबूत कर सकते हैं।


इतनी ऊंची दीवारें बना सकते हैं,

जो एक दूसरे को

इतना अलग कर दें

एक दूसरे से कि,

एक दूसरे की आवाज़ तक

सुनाई देनी बंद हो जाए,

बात करने के लिए

बार-बार सड़कों पर आना पड़े,

जहां पहले से ही

इतना कोलाहल है कि

कुछ भी ठीक से सुनना

संभव नहीं है।


नहीं, क़ानून तो

इन दीवारों को

मान्यता नहीं देता,

पर हर तरफ़

यही अदृश्य दीवारें है,

ऊंची और मज़बूत और

उनकी क़ैद में

खांचों में बंटे आदमी।


कुछ लोगों ने बड़ी मज़बूती से

थाम कर रखी हैं,

ये सारी

जर्जर और खोखली दीवारें,

क्योंकि उन्हें हिस्सों में विभाजित

आदमी पसंद हैं।

आदमी जो बंटा हो

तमाम हिस्सों में ,तमाम खांचों में

इतना बंटा हों

कि कई बार उसको

अपने आदमी होने का

एहसास ही न रह जाए।


वो इन दीवारों से

अपने घरों से निकले तो,

इन्हीं खांचों को ओढ़कर

पूरा जीवन व्यतीत कर दे

इन्हीं खांचों को ओढ़े-ओढ़े।


हर दूसरी दीवार से

निकलने वाले,

हर दूसरा खांचा ओढ़े हुए

आदमी से,

उसे एक

अजीब किस्म का भय हो, आशंका हो,

उसके प्रति छिपी हुई घृणा हो,

इतनी कि कभी क्रोध और

घृणा के अतिरेक में,

किसी समय

उसकी हत्या से भी

उसके हाथ न कांपें,

उसके हृदय में

कोई करुणा न जागे,

उसे अपने ग़लत होने का

ज़रा भी एहसास न हो।


ये जर्जर और

खोखली दीवारें

मजबूत होती जा रही हैं

खांचें ओढ़े लोग

बढ़ते जा रहे हैं।