किसी नदी का सागर में मिलना
कोई ऐसी
गौरवशाली घटना तो नहीं है नदी के लिए
जिसका मनाया जाये उत्सव
अपना स्वतंत्र अस्तित्व खोना
किसी के लिए भी
कैसे हो सकता है गौरवशाली?
सागर में मिलने के उपरांत
कौन जानता है कहां लुप्त हो गई नदी?
कहां रह जाता है नदी और
नदी की धारा का कोई स्वतंत्र अस्तित्व?
मुझे लगता है
अगर होता नदियों के बस में
अपने पथ से मुड़ना
तो शायद
सागर में मिलने से पहले
बदल देतीं
कितनी हीं नदियां अपने पथ
नदियों को नहीं लगता अच्छा तनिक भी
सागर में मिलना
अपना अस्तित्व खोना?
वें तो चाहती थीं
अबाध बहना
अपनी जीवन यात्रा के अंतिम छोर तक
अपने ही नाम के साथ
कौन चाहता है अपना अस्तित्व खोना?
कौन चाहता है अपना मीठापन छोड़कर खारा होना?