कान्हा

मैंने संजोकर रखी हैं

सब स्मृतियां तुम्हारी

तुम्हारे संग व्यतीत हर एक पल की,

किसी मूल्यवान कोष की तरह

अपने अंतर की

अतल गहराइयों में कहीं।


जीवन की सबसे

मूल्यवान निधि मेरी है यही।


मैं नहीं चाहती खोना

इसका एक भी अंश।


मैंने बना रखे हैं

हर बीते दिवस की 

स्मृति का एक अलग कोष।


तुम्हारे साथ

बस देह नहीं है मेरी,

मेरे साथ नहीं हो

तुम सशरीर।


मगर

नहीं विलग हूं

एक क्षण भी मैं तुमसे।


इन विगत दिवस की

स्मृतियों में,

मैं भर देती हूं

अपनी कल्पना से

कुछ नवीनताएं,

कभी तुम्हारी कोई

नई नटखट शरारत

अपनी कोई नई चुहल।


कुछ रुठना, कुछ मनाना,

कुछ संगिनी गोपियों के

ईर्ष्याजनित कटाक्ष।


तुम्हारा तो

मुझे कुछ पता नहीं

मैं जीती हूं

हर क्षण

हर पल साथ तुम्हारे।