सुदूर एक नक्षत्र,
कहीं किसी और आकाशगंगा में
देखता हूं धरती से मैं
सुदूर नक्षत्र को मुग्ध सा।
पता नहीं क्यों?
पता नहीं कैसे?
पर हो गया एक लगाव मुझको
इस तारे से।
मैं करता हूं अपने स्वप्न साझा,
मैं कर लेता हूं साझा उससे
अपने सुख-दुख कल्पनाओं में,
मैं सुनाता हूं उसे
अपने नए गीत
जो अब तक पलते रहे हैं
अंतर में मेरे शायद।
मेरे अस्तित्व से भी संभवतः
अपरिचित होगा यह सितारा,
पर मैं देख पाता हूं
उसका प्रकाश,उसकी चमक
सुन पाता हूं जैसे उसकी आवाज़
समझ पाता हूं उसकी भावनाएं।
कभी-कभी मुझे भ्रम सा होता है
कि जैसे वो भी सुन पाता है
मेरी आवाज़,
समझ पाता है मेरी भावनाएं।
हमारा मिलना तो
शायद कभी संभव न हो,
पर क्या अंतर पड़ता है कि
मैं हूं उसका छुपा हुआ
अनजान प्रशंसक, प्रेमी कोई,
उसकी तो है मेरे हर्ष-विषाद में
मेरे स्वप्नों में, मेरे गीतों में
कल्पित साझेदारी।