कहीं,एक छोटा
कक्षा दो में पढ़ने वाला बच्चा
बलि चढ़ा दिया जाता है
अपने ही स्कूल में।
इस निर्मम हत्या में
इस जघन्य अपराध में
स्कूल के मालिक और
तीन शिक्षक सम्मिलित हैं।
उनका ऐसा मानना था कि
काले जादू के अनुसार की गई
ऐसी बलि
उनके और उनके विद्यालय के लिए
नाम और प्रसिद्धि लायेगी।
उस स्कूल में और भी
छात्र-छात्राएं पढ़ रहे होंगे,
स्थिति कितनी भयावह है
कि हमारे यहां
ऐसे स्कूल चलाने वाले मालिक और
ऐसे पढ़ाने वाले शिक्षक हैं।
नहीं ये कोई
बर्बर आदिम युग नहीं है श्रीमान
ये इक्कीसवीं सदी में
एक शहर में घटी घटना है।
रोज़ अखबारों में
ख़बरें छपती हैं कि
स्कूल जाने वाली
छोटी अबोध बच्चियां,
कभी बस के किसी ड्राइवर या
उसके सहायक द्वारा
किसी कर्मचारी द्वारा
किसी अध्यापक द्वारा
यौन शोषण का शिकार होती हैं।
अब आप बताइए आप
अपने अबोध बच्चे कहां पढ़ायेंगे?
ऐसी ख़बरें पढ़कर सुनकर
बिना चिंताग्रस्त हुए भला कैसे रह पायेंगे?
अगर ऐसे शैतान हैं
तो उनसे अपने बच्चों की
रक्षा कैसे कर पायेंगे?