कहीं कोई गुल सूखकर मुरझा जाएगा,कहीं कोई पीला पत्ता

हवा के इक हल्के झोंकें से,शाख से अपनी झर जाएगा


कहीं कोई हारकर हौसले अपने, छोड़ देगा नए-नए स्वप्न सजाना

जब उसकी की आंखों में कोई पुराना ख़्वाब मर जाएगा


कहीं किसी से जो मिला था इन्हीं राहों में, इन्हीं राहों में उससे बिछड़कर

वो बड़ी ख़ामोशी से, उसी रहगुज़र से गुज़र जाएगा


कहीं किसी को यकीं भी नहीं होगा अपनी बदली हुई सूरत पे

वो आइने में अपना ही बदला अक्स देखकर डर जाएगा


कहीं कोई अपनी नाकामियों,नादानियों पर ख़ुद से पशेमां होगा

इस कदर कि ख़ुद से ख़ुद ही नज़र बचाएगा


कहीं कोई आवारा अब्र ,जमीं के किसी टुकड़े की तिश्नगी बुझाने के पहले ही, टुकड़ों में बिखर जाएगा


कहीं कोई, जो उसे कभी याद नहीं करता

उसे बारहा याद करके, न जाने कितने अश्क बहायेगा


कहीं कोई तनहा मुसाफ़िर, भूलकर रस्ता अपना

अपने कारवां से, फ़िर से एक बार बिछड़ जाएगा