लोग कहते हैं कि सूरज डूब गया
मैं स्वयं भी यही कहता हूं कि सूरज डूब गया
हम मानते भी हैं ,जानते भी हैं सूरज डूबने का अर्थ।
पर कहां डूबता है सूर्य?
कब डूबता है सूरज,
वो तो रहता है वहीं सदा
उसी तरह जलता हुआ निरंतर।
पर जब घूमती हुई धरती के साथ
हम भी घूम जाते हैं
जब हमारी दृष्टि से
ओझल हो जाता है सूर्य
और
उसकी अनुपस्थिति में,
अंधकार फैल जाता है हर ओर
तब हमें लगता है कि सूर्य डूब गया,
पर कहां डूबता है सूरज?
वो तो रहता है वहीं था जहां
निरंतर जलता हुआ।
अपनी दृष्टि से ओझल हो जाने को
कह देते हैं हम सूर्य का डूबना।

