किसी फूटे हुए
ज्वालामुखी के मुख से
चतुर्दिक दिशा में फैलता है
तरल तप्त लावा
लावा ढूंढ़ता है
अपने प्रवाह की दिशा
जो मिलती है उसे
प्राकृतिक ढाल के साथ
बहता हुआ लावा
चाह कर भी
उल्टी दिशा में
बह नहीं सकता
कई बार
चाहने से भी
यात्राओं के पथ
मुड़ते नहीं
निर्धारित पथों पर ही
करनी पड़ती है
एक निश्चित दिशा में ही
जीवन यात्राएं