ज्ञात है सबको

समय के अनवरत प्रवाह में

जीवन नदी कितनी बह गयी।


किसी को पता नहीं पर

मृत्यु सागर में मिलने से दूरी

शेष अभी और कितनी रह गयी।


सब जानते हैं संसार में

जो बहती है सरिता

वो कहां से निकलती है

क्या है उद्गम उसका

किन पथों से होकर

अपने गंतव्य तक पहुंचती है

सागर से कब और कहां मिलती है


पर जीवन की सरिता का तो

ज्ञात बस उद्गम ही होता है,

कब और कैसे मिलेगी

जीवन नदिया मृत्यु के सागर में

किसी को नहीं होता नहीं ज्ञात


एक अनिश्चितता भरी यात्रा

जीवन के किन असमतल पथों से

होती हुआ कब अपने

अंतिम गंतव्य तक पहुंचेगी

कब , कहां और कैसे

सांसों का स्वर मौन हो जायेगा

कोई नहीं जानता


क्या कोई और यात्रा

रह जाती है शेष?

इस यात्रा के बाद भी,

किस भला ये पता?

कौन जानता है?


इस यात्रा में भी तो

हम चाहकर भी कर नहीं पाते

अपने सारे पथ स्वयं निर्धारित

फिर क्या सोचना

उस अज्ञात के बारे में

उस क्षण, उस समय बिंदु का

जिसका हमें तनिक भी ज्ञान नहीं,

वो पल जिसमें

जीवन होगा मृत्यु से एकाकार

जीवन नदिया

मिलकर मृत्यु सागर में कहेगी

अब ले चल

मुझे उस पार


न जन्म पर कोई अधिकार

न मरण पर कोई अधिकार

लेकर अपने लघु अहंकार

फ़िर भी इतराता फिरता है सब संसार