हममें से अधिकतर लोग
जीते रहते हैं
अपना जीवन
यथार्थ में,
इसी संसार में
रोज जीवन के संघर्षों से जूझते,
अपने अंतर्द्वंदों से जूझते,
कितने विरोधाभास लिए,
कितने मुखौटे पहने हुए,
कितने अभिनय करते हुए,
कितनी कामनाओं,
कितने स्वप्नों का,
गला घोंटते हुए,
कितनी अर्थहीन इच्छाएं पालते हुए।
ये जानते हुए भी कि
हमें आने वाले कल का
या यूं कहें कि
अगले ही क्षण का पता नहीं
भविष्य के कितने आगामी वर्षों की
सुखद कल्पनाएं करते हुए।
इसी तरह
जाने पहचाने पथों पर,
अपनी उबाऊ जीवन यात्रा दोहराते हुए
हम अपने विगत
और अपने भविष्य के बीच,
झूलते रहते हैं किसी पेंडुलम की तरह।
विगत जो हमारे
संघर्षों की, स्वप्नों की
कथा समेटे हुए है,
भविष्य
जिसे हम सुरक्षित करना चाहते हैं।
अपने भविष्य को सुरक्षित करने की
अदम्य चाह में,
हम अपने वर्तमान को भी
जी नहीं पाते ढंग से।
बहुत कुछ आवश्यक
हम चाहकर भी कर नहीं पाते,
बहुत कुछ महत्वपूर्ण
हमसे हो नहीं पाता,
बहुत कुछ खोता रहता है
हमारे हाथों के नीचे से,
जैसे मुठ्ठी से सरकती हो रेत,
समय बीतता रहता है।
कोल्हू के बैल की तरह खटते हुए
हम जब अपने
सुरक्षित भविष्य के प्रति
लगभग आश्वस्त से हो चुके होते हैं,
और पीछे मुड़कर देखते हैं
एक संतुष्टि के भाव से,
तो पाते हैं कि
जैसे हमारे जीवन के
बीच के न जाने कितने दिन,
किसी नोटबुक के
उन बीच के पन्नों की तरह हैं
जो खाली रह गये,
खाली सफेद
या कुछ धुंधले से अस्पष्ट निशान लिए।
वो पृष्ठ
जिन पर जैसे
कुछ भी नहीं लिखा गया,
या शायद जो लिखा गया
उसकी स्याही मिट गई
या फिर
धुंधला गई।
बहुत स्मरण करने के बाद भी
हमें कुछ भी याद रखने लायक
याद नहीं आता,
याद भी आता है
तो सब कुछ जैसे
धुंधला -धुंधला सा।
शुरू के पृष्ठ
भरे हुए हैं
कितनी ही घटनाओं से
जिनमें लगता है
हमने जीवन जिया
अर्थपूर्ण,
सुख -दुख,संघर्षों के बावजूद।
बीच के कोरे पन्ने जैसे
हमारे जीवन के वे दिन हैं,
जिनमें हमारे
सब कुछ पाने की चाह में,
जैसे बहुत कुछ खो देने की
छिपी हुई कथा है।