जब शहर के लोग
रात की गहरी नींद में सोते हैं
तब असली शहर ही जागा हुआ होता है
अपने समूचे सौंदर्य के साथ
अपनी पूरी कुरुपता के साथ
शांत ,सहज ,सुंदर
अपना सारा सौंदर्य
अपनी सारी गंदगी को
बिना किसी शर्म प्रदर्शित करते हुए
जगमगाते हुए पथ
चमचमाते हुए बिलबोर्ड
चौड़ी काली सड़कें
मुसाफिरों को ले जाती
इक्का दुक्का पीली पुरानी टैक्सियां,
पतली संकरी गलियां
ऊंची ऊंची सुंदर ईमारतें
फुटपाथ पर सोते हुए बेघर लोग
अंग्रेजों की बनाई हुई स्थापत्य कला का प्रतीक
सफेद पत्थरों की चमकती हुई विक्टोरिया
फैली हुई टीन की छतों वाली झोपड़पट्टियां
फुटपाथ पर सोते हुए बेघर लोग
घूमते हुए आवारा कुत्ते
सांस लेता हुआ शहर
जीवित ।