जल पोखर का

ठहरा हुआ,बंधा हुआ

अपनी सीमाओं में,

उपयोगिता हो सकती है इस जल की

पर न कोई गति है,

न लहरें, न बहाव

एक अर्थहीन

अनंत ठहराव।


वो जल-

जल ही क्या

जब तक न स्वयं ही बहे

तोड़ कर तब तटबंधों को।


रहे यदि बंधा भी

तट की सीमाओं के मध्य,

तो भी हो वो बहता,

कहीं ठहरे नहीं

बहते हुए क्षणों की तरह।


जैसे बीता हुआ क्षण

कभी वापस आता नहीं कभी,

ठीक वैसे ही

बहते हुए जल की

एक भी बूंद 

जिस बिंदु से

अपनी यात्रा में गुज़र गई

उस बिंदु पर दोबारा

लौट कर कभी जाती नहीं।


पर हम बार-बार

लौटते रहते हैं

बीते हुए क्षणों के

बिंदुओं पर,

हमें भी

पूरी तरह बहना नहीं आता।