अगर इतिहास लिखा गया
या लिखवाया जाता है
विजेताओं द्वारा,
तो निश्चय ही होगा उसमें महिमा मंडन
उनका या उनके योद्धाओं का,
नहीं होगा कहीं भी उल्लेख
उनकी क्रूरताओं का,
उनके द्वारा की गयी हत्याओं का,
उनके सैनिकों द्वारा किए गए
अनेक बलात्कारों का।
विस्मयकारी होता है कि
ऐसे इतिहास में
युद्ध की समाप्ति के पश्चात
शासकों की
क्रूरताओं की थोड़ी सी कमी या
एकाध किसी को
जीवनदान देने की घटना को
उनकी उदारता के रूप में
महिमा मंडित किया जाता है।
ऐसे इतिहास में कहां होता है और
उसमें कहां भला उल्लेख होगा,
पराजित योद्धाओं का,
उनके अदम्य साहस का,
उनके शौर्य और पराक्रम का,
उनके सैनिकों के प्रबल पराक्रम का,
उनके नागरिकों के जुझारूपन का
उनकी नारियों के अद्भुत साहस और धैर्य का।
ऐसे इतिहास में भला कहां ज़िक्र होगा
युद्ध के बाद का
पराजित योद्धाओं के बच्चों का, जो
जो युद्ध की विभीषिका के बाद भी,
हंसना नहीं भूलते,
उनकी स्त्रियों का,
जो अपनी देह पर,
अपने मन पर
न जाने कितने घाव सहकर भी,
जीवन को पुनः जीवन बनाती हैं।
।