प्रायः हमें रहती है शिकायत
कि ईश्वर नहीं देखता हमारे दुखों को
हमें जैसे भूल जाता है रचकर
देख नहीं पाता संसार में व्याप्त
असमानताएं,अन्याय, अनाचार ,अत्याचार
दुखों और कठिनाइयों के बोझ तले
कीड़े मकोड़ों सदृश जीवन बिताते हुये लोग
जिनके जीवन मृत्यु से कोई फर्क नहीं पड़ता किसी को
मुरझायी आंखों वाले उदास लोग
जिनकी आंखों के सपने मर गये हों
जो घसीट रहे हों अपना जीवन
क्योंकि मरने का साहस वो जुटा नहीं पाते
या ईश्वर की दी हुई इस शानदार नेमत को
समाप्त करने का अधिकार नहीं उन्हें ।
सब सत्य है
नहीं डालता ईश्वर पलटकर एक भी दृष्टि
इन सब बातों पर क्योंकि ईश्वर सब कुछ
सारी घटनाएं समभाव से है देखता
उसे तुम्हारे सुख -दुख का भेद नहीं है पता
उसके लिये जैसे तुम्हारे सुख
वैसे ही तुम्हारे दुख
इस सुख-दुख ,पीड़ा-हर्ष मेंं विभाजन की दृष्टि
उसने दी है हमें
पर कहांं हम ही समझ पाते हैं
देख पाते हैं, महसूस कर पाते हैं
पर दुख पर पीडा़ओं को
इस दृष्टि का हम कर लें यदि विस्तार
देख पाये यदि हम अपने दुखों के पार
तो शायद ये दुनिया इतनी तो
दुख भरी न होती।