सभ्यता की सीढ़ियां चढ़ते हुए

हमने गढ़े ईश्वर सारे,

फिर कहा, ये हमारे ये तुम्हारे,

खड़ी की ऊंची -ऊंची दीवारें।



कहा तुम पूजो अपने ईश्वर

हम पूजेंगें अपना,

अपने ईश्वर की श्रेष्ठता का दम भरा

उन लोगों ने

जिन्होंने गढ़े थे ईश्वर

या जिन्हें करना था नियंत्रित

आसानी से लोगों को बिना किसी प्रतिरोध।


उन्हें आसान लगा

लोगों को भेड़ बकरियों की तरह

ईश्वर के नाम पर झुंड में हांकना

उन्हें कहना कुछ भी -कुछ भी करने के लिए,

अपने ईश्वर की महानता सिद्ध करने के लिए ।


ईश्वर के नाम पर

कितने युद्ध लड़े गये,

कितना रक्तपात ,कितना नरसंहार हुआ

जो आज भी जारी है।


यदि है तो

भला कौन ईश्वर इतना होगा हृदयहीन

जो ऐसा चाहेगा?


पर आज भी हो रहा है यही

जो होता चला आ रहा है सदियों से

और

अब तो कितने ईश्वर हैं

और कितने उनके चाहने वाले।