ये ज़माना है, जो हर वक़्त कयास लगाता रहता है

मैंने कब कहा अपनी जुबां से कि उनका ज़िक्र है मेरे फ़सानों में


ये किसी राह में बिछड़े हुए का उदास साया सा है

जो भटकता रहता है अब तक इस दिल के वीरानों में


क्यों मुड़ के देखता है,किसी को अब नहीं तेरा इंतज़ार वहां

ऐ दिल अब तक उन छूटी हुई राहों में,छूटे हुए ठिकानों में


तूं कभी तो ये बता,ये तेरी बेचैन-बेकरार निगाहें ढूंढ़ती हैं

आख़िर किसका पता,यहां जमीं पर और वहां आसमानों में


हम लुटे इस कदर सफ़र में कि हमें पता भी न चला

कि कौन-कौन था आख़िर शामिल मेरे निगहबानों में