शालीनता, शिष्टाचार,
ये ओढ़े हुई गंभीरता के
रंगहीन चोले आज तो दे उतार,
चल रही है मदमाती बसंत बयार,
उड़ रही है चहुंओर रंगों की फुहार।
तूं भी खेल होली
किसी को रंग दे अपने रंग में,
किसी और के रंग में रंग जा,
मल दे किसी के गालों पर आज
जी भर अपनी प्रीत का गुलाल,
देख रह न जाए कोई भी मलाल।
धो देना अंतर की कालिमाएं आज सब
कर ले थोड़ी सी चुहल
थोड़ी सी छेड़छाड़ ,
कर ले किसी से आंखें चार।
कोई मान जाए जो बुरा
कह देना फागुनी बयार चल रही है कुछ ऐसी
कि पास तेरे आकर ठिठक गये ,
कुछ किसी ने पिला दी थी भांग चुपके से
कि बस आज बहक गये,
पर मत पूछ जब से तुझे छुआ है
किस तरह से हम महक गये ।
पूछ भी लेना सच बताइये
क्या क्रोध आपका सचमुच का है
या ये बस संसार को दिखाने भर का
भुलावे में रखने का आचार है।
आहत होने वालों से क्षमायाचना के साथ
2.फागुन की चली नशीली बयार
जिसको देखो उसके ऊपर चढ़ा है अजब खुमार
जवान लड़िका-लड़की प्यार के झूला प बैठ पेंग मारे
बौराए बुढ़वे छुप-छुप के ताके सुंदर नार
बुढ़ियन के मन में हिलोर लेत कामनाओं क ज्वार
कहै 66 बरिस कै रामभरोसे 70 बरिस के रामसजीवन से
हिम्मत मत हरिहा गुरु
91 बरिस की उमरिया में भी
मिल सकत है सच्चा प्यार
जोगीरा सा रा रा
अजब समय है, अजब है संसार
झूठन क है बोलबाला ,सच्चन क जिंदगी दुश्वार
चोर,लुच्चा, लफंगा, लाखैरा मौज मनावै
शेरवा क खाल ओढ़ि के
गली -गली झुठ्ठै दहाड़ै रंगल सियार।
जोगीरा सा रा रा