एक न एक दिन तो हर पात

अपनी शाख से जाता है झर


खिले हुए सुंदर सुमन भी जाते हैं गिर

अपने पौधे से,एक न एक दिन मुरझाकर


हर दीप ही तो बुझ जाता है

कुछ देर तक नीरव निशाओं में जलकर


चलते-चलते जीवन पथ पर रुक जाता है

हर पथिक अंततः क्लांत होकर


रुक जाने से वृष्टि के, धीरे-धीरे

सूख ही जाते हैं कितने ही निर्झर


लहरें मिट जातीं हैं सदा के लिए

तट से बस एक बार ही टकराकर


कितनी नदियां खो देती हैं

अस्तित्व अपना सागर से मिलकर


क्या टूटे हुए पातों को फिर

उनकी शाखों से कोई मिला पाता है


क्या सागर में मिलीं नदियां

वापस भला कभी लौट पाती हैं


क्या कोई कुम्हलाए हुए पुष्प को

पुनः भला खिला पाता है


क्या तरु किसी झरे हुए

पत्तों का दुख मनाता है


क्या पथ कोई, चलते हुए

पथिकों से रखता ,कोई मोह का नाता है


क्या दीप कोई, कैसा भी हो

अनवरत भला जल पाता है


क्या रश्मि कोई सूर्य से निकली हुई

पुनः सूर्य तक लौटकर जा पाती है


क्या थमी हुई सांसों में कोई

जीवन स्वर पुनः फूंक पाता है