जग चाहता है

करना निर्धारित

सबके चलने के पथों को

चाहता है, सब

जो जहां हैं चलें

जग द्वारा निर्धारित

सीमा रेखाओं के मध्य

आंखों में भरें वही स्वप्न

जिसकी रुपरेखाएं खींचीं हो समाज ने

मानें सब समाज की

निर्धारित नैतिकताओं को

मानें उन्ही मूल्यों को

जिन्हें स्वीकृति है समाज की

भले ही बदलते समय के साथ

उनका कोई मूल्य न हो


उन निर्धारित सीमा रेखाओं के मध्य चलते चलते

उन नैतिक मापदंडों को मानते मानते

उन मूल्यों का पालन करते करते

एक सामान्य मनुष्य की

नया कुछ करने की

लीक से हटकर

नया कुछ सोचने की

जो अर्थहीन हो चुकी हों सीमाएं

वैसी भी कुछ पुरानी सीमाएं तोड़ने की

वो मूल्य खो जो चुके हों अपना मूल्य

उन्हें भी छोड़ने की

कोई चाह ही नहीं जागती


नये पथों पर चलने का

साहस ही नहीं होता

मन आशंकित और दुविधा ग्रस्त रहता है

कोई भी नई बात कहने और सुनने में

कुछ भी नया करने में


जीवन बस

घड़ी की सुईयों की तरह

एक दोहराव भर रह जाता है

बंधी बंधाई सीमाओं में

निरंतर घूमना और

बीतते हुए समय के साथ

स्वयं भी बीतते जाना


जैसे घड़ी की सुईयां

अनवरत चलती रहती हैं अपनी परिधि में

उन्हें परिधि को, छोड़ने की और

तोड़ने की स्वतंत्रता ही नहीं

वो जड़ सुईयां बंधीं हैं केंद्र से

सदा के लिए

जैसे कोई बंदी हो काट रहा

कोई सजा किसी कारा में

जीवन पर्यन्त


सोचता हूं मैं

पर,

क्यों रह जाते हैं

अधिकांश सामान्य चेतन जीवन

घड़ी की उन जड़ सुइयों की तरह

थोपी हुई सीमाओं में, सीमित परिधियों में

उनके सम्मुख तो

परिधि न छोड़ने की

सीमाएं न तोड़ने की

कोई विवशता नहीं होती