बैठे रहते हैं गली के आवारा कुत्ते
(जिन्हें हम कहते हैं पर वो हैं नहीं)
सड़कों पर इधर-उधर
कई बार वो बड़ी आस
बड़ी उम्मीद से तकते हैं
हर एक आने जाने वाले को

उम्मीद कि शायद आने जाने वाले
इन लोगों में किसी को इनपे  प्यार आए
कोई उन्हें सहला जाए, कोई उन्हें दुलरा जाए


कोई उनकी तरफ़
प्यार की एक नज़र से देखें
कोई एक रोटी का एक निवाला ,
हड्डी का एक टुकड़ा फेंक दे,
कोई उनकी भूख मिटा जाए

उन्हें पता नहीं कि उनमें से तमाम लोग
मसरूफ़ हैं अपनी ही ज़िंदगी की
रोजमर्रा की जद्दोजहद   में
उन्हें फ़ुर्सत ही नहीं है  कि वो
किसी और तरफ़ देखें
किसी और पे ध्यान दें
चाहे फ़िर वो आदमी हो या कुत्ता

किसी को सख़्त नफरत है
इन कुत्तों के वजूद से ही
उनका बस चले तो वो
उनका वजूद ही ख़त्म कर दे जहां से
या कहीं बसा दें किसी वीराने में कहीं

और कुछ लोग जिनके पास दौलत है
ताक़त है कूवत है
उनके पास अपने पालतू कुत्ते हैं
सहलाने के लिए
उन्हें गली के कुत्तों की तरफ़ तवज्जो देना ही
अपनी तौहीन लगता है

काश ये पता हो उन कुत्तों को
जिन्हें हम आवारा गली के कुत्ते कहते हैं( पर वो हैं नहीं उनमें से ज़्यादातर हमसे भी तहज़ीब-याफ़्ता हैं )
तो वो यूं हर एक आने-जाने वाले की तरफ़
इस झूठी उम्मीद से ना देखें

उन्हें शायद इस हक़ीक़त का भी इल्म नहीं
कि यहां,जब आदमी के वजूद की क़ीमत नहीं
तो कुत्तों को कौन पूछेगा