एक पथ जिस पर मैं चल रहा हूं
अनेक पथ हैं ऐसे
जिन पर मैं चलना चाहता हूं
दृष्टियों की बाध्यता से परे
सोच की संकुचित सीमाओं से निकलकर
जहां कान मेरे सुन ना बस छने हुए स्वर
अधर न दोहराएं दूसरों के थोपे हुए शब्द
दृष्टि न देखे बस आवरणों में ढके दृश्य
पांव मेरे बस न चले पूर्व निर्धारित पथों पर
मैं ऐसे चलूं कि
अधरों पर मेरे हो अंतर के स्वर
नयनों में हो अपार विस्तार समाने का विश्वास
हृदय में असीम पीड़ाओं को सहने की सामर्थ
पांवों में पथ के कंटकों की चुभन को
हंस कर भूलने की कला
पर कहां हो पाता है ऐसा भला
चलता ही रहता हूं मैं इस तरह कि
देख नहीं पता आवरणों के पार
तोड़ नहीं पता मन की संकुचित सीमाएं
कान मेरे सुनते हैं बस छने हुए स्वर
पांव मेरे पथ के कंटकों की
कल्पना मात्र से ही घबराते हैं
चलते ही रहते हैं उन्हीं
पूर्व निर्धारित सुविधाजनक पथों पर