एक अनकही सी कथा
एक अव्यक्त सी व्यथा
एक अधूरी सी बात
एक अधूरी सी मुलाक़ात
एक सोया हुआ सा स्वप्न
एक दुःख सुख जैसा
एक कल्पना सत्य जैसी
एक दूरी सामीप्य सरीखी
एक ही राग झंकृत मन में
एक ही गान हो जैसे गूंजता पवन में
एक ही स्वप्न जागता है बार बार नयन में
एक ही छवि जैसे ठहर गई हो दर्पन में
एक ही पुष्प जैसे हो उपवन में
एक ही सुरभि हो घुली चतुर्दिक पवन में
एक ही तारा हो जैसे गगन में
एक दीप ही जलता हो आंगन में
एक ही ज्ञान मिल रहा हो हर अध्ययन में
एक जैसी वृष्टि हो हर एक सावन में
लौटकर आता है वही एक बिंदु हर भ्रमण में
उस एक के परे ठहरती नहीं दृष्टि
गूंजती है वही एक ध्वनि वही एक नाम मन में