ना बंधनो में बंधने की

न बांधने की चाह हो

बस साथ-साथ चलें

कोई एक ऐसी अलग सी राह हो

कुछ अलग तरह से संबंध निभे

कुछ नई तरह निबाह हो


शब्द करें संवाद

जब दृष्टियां हों मौन

दृष्टियां करें वार्तालाप

जब शब्द हों मूक

रहे परिचय इतना कि जैसे

एक दूसरे के बारे में

सब कुछ हो पता

रहे अपरिचय इतना कि

जब हृदय चाहे

कह दें कि तुम कौन


सामीप्य इतना कि मध्य की

दूरी का न कोई एहसास हो

दूरी मध्य हो इतनी कि हर पल

हो कामना यही कि

काश कुछ और पास हों


हो कुछ ऐसा कि -


दुख में एक के

अश्रु दूसरे के नयन बहा दें

हो हर्ष एक को तो

उधर दूसरा मुस्कुरा दे

पीड़ा एक हृदय की

दूसरा अपने स्वर में गा दे


भाव जो पल रहे हों

एक के मन में तो

दूसरा अक्षरशः सुना दे

पूजा एक करें तो

शंख दूजा बजा दे

बोझ एक का बढ़े तो

दूसरा बिन कहे

सहारे का हाथ लगा दे


जब बढ़ चले अंधेरे एक के पथ पर

तो बस दूसरा दिया जला दे

बिन कहे सब समझ लें

एक दूसरे के मन के भाव

बिन बोले मन की बात

सब एक दूसरे को बता दें


पांव हों जब थकन से चूर

हौले से पांव भी सहला दे

थकन जीवन पथ की

स्नेहिल स्पर्श से मिटा दे


टूटे सपनों को सहेज कर

फिर से नैनों में नए सपना बसा दे

जब टूटने लगे हो विश्वास

पुनः एक नई आस जगा दे


साहस होने लगे क्षीण जब

तो फूंक कर नव प्राण

कर दे नव साहस का संचार

आस फिर से नई जगा दे


नीरव निशाओं में

जब निद्रा हो नैनों से विमुख

अंतर में हो अकुलाहट

तब थपकियां प्यार की देकर सुला दे


जगा कर अंतर में भी ज्योति नई

तम वहां से भी भगा दे

हर आशंका का कर दे निवारण

नव आशाओं के मन में पुष्प खिला दे


न भटकने दे पथों से

सारी भटकनो से बचाकर

जहां से लौटने की चाह शेष न रहे

बस वहां तक पहुंचा दे