.... ‌तुम सोचो भानु क्या चाहता है

कोई नन्हा बालक,बस यही कि

पिता उसका उसे अपने साथ

उंगली पड़कर चलना सिखलाए

छोटी-छोटी

बाल सुलभ जिज्ञासाओं को शांत करें

जगसे उसको परिचित करवाए


हर बाल्य मन, मानता है यही

कि पिता उसका

समस्त जग में सबसे सबल है

उसके पास उसकी सब

छोटी बड़ी समस्याओं का हल है

पर कहां हम कौरवों को

कहां ये संबल प्राप्त हुआ


मेरे नेत्रहीन पिता जो थे

कुरुवंश के

सिंहासन के सही उत्तराधिकारी

एक ईश्वर प्रदत्त विकलांगता से

अपने जीवन में

अपना कितना कुछ खो बैठे

मैं जानता हूं उन्होंने सहीं जो,

सही अर्थों में जो उनका था

उसको खो देने की पीड़ाएं

इसी कारण पर वह जीवन में

कोई सबल कोई आधार

हमें भी दे ना पाए


पिता का यही अभाव

मुझे सर्वदा खलता था

भार मेरे ऊपर असमय ही

अपने अनुजों का भी आ गया

बचपन में ही जो मेरे ऊपर ये भार

अपने सब अनुजों के

पिता बनने का आ गया

संभवतः यही मेरा बचपन सारा खा गया

समय से ही पहले मुझे बड़ा बना गया

मां और पिता के होते हुए भी

अनाथ होने का भाव

हम सबका बालपन मुरझा गया


मनुष्य सब कुछ सकता है सह

सारे दुःख, सारी पीड़ाएं हंसकर सह जाता है

पर उपहास और तिरस्कार छोटा सा भी

कहां भला सह पाता है

बालपन से जो मिलीं हमें दया दृष्टियां

सहे हमने जो भेदभाव

वो मन को हमारे बींध गई


मां के आंचल की छांव जिसे ना मिले

उस शिशु का मन मुरझा जाता है

पिता के भुजाओं का झूला

जिसने न हो कभी झूला

उनके सबल कंधों पर होकर खड़े

देखने का दूर तक जिसको सौभाग्य न हो मिला

वह सारा जीवन मुरझा जाता है



सच कहूं तो माता गांधारी का

नेत्रों पर पट्टी बांधना

मुझे कभी समझ नहीं आया

उन्हें मेरे दुर्बल, नेत्रहीन पिता का संबल बनना था,

अपने अधिकारों की भी रक्षा करनी थी

उनके च्युत अधिकारों के लिए भी लड़ना था


माना उनको था रोष

मेरे पिता के संग बलात विवाह का

उनके संग जीवन बिताने का,

जो अधिकार है उनका

जिसकी वो हैं अधिकारी

वो सम्मान कभी न पाने का


पर अपनी संतानों के प्रति तो वो

थोड़ा मोह दिखा सकती थीं

जब कामना की थी सौ सुतों की

तब अपने माता होने का

कर्तव्य भी तो निभा सकती थी


नहीं बदल पाईं वो

अपने पति का जीवन

पर अपनी संतानों का

जीवन तो संवार सकती थी

तोड़ सकती थीं

अर्थहीन प्रतिज्ञा अपनी

नयनों से बंधी पट्टी

उतार भी सकती थीं


सत्य कहूं तो भानु 

मुझे सर्वदा यही लगा कि

हम सौ भाई और एक बहन

अपने माता-पिता के होते हुए भी

जैसे पूर्णतया अनाथ थे

..........