सांध्य वेला
धीरे-धीरे
डूबता हुआ
सुनहरा सूर्य
नील नभ पर छायी
रक्तिम आभा
धीरे-धीरे दबे पांव
बाहर निकल
पांव पसारता तिमिर
क्यों डूबते हुए हो जाता है
अरुणाभ भास्कर
क्या हर्षित रहता है
उसका अंतस्तल
कि जैसे चाहता था
वैसा ही दिन उसने जिया
जलाकर अपनी काया का एक भाग
किया प्रकाशमान
अपने ही शरीर के बिछड़े टुकड़ों को।
पर फैलते तिमिर जैसे
है पसरती
थोड़ी सी उदासी भी
सारा जीवन उसका
बस जलने में रह गया
बस चलने में रह गया।
नहीं उसे
अपने जलने का दुख
अपनी क्षय होती काया का दुख
लेशमात्र भी
आंतरिक उल्लास और
आह्लाद की लालिमा
है संभवतः
बिखरी चतुर्दिक नभ में