मैं अनुभव की है

अनेक अपरिचित दृष्टियों के

स्पर्श की ऊष्मा,

वो छिपी हुई ऊष्मा

जिसकी बस अनुभूति होती है

वो ऊष्मा जो---

किसी निष्प्राण काया में जीवन फूंक दे,

किसी बंजर धरती में एक पौधा उगा दें,

पंख कुतरे हुए पक्षी को

आसमान की ऊंचाई नापना सिखा दे,

वीरान पड़े नयनों में नये स्वप्न भर दे,

अंतर में नयी आकांक्षाएं और

नई कामनाएं जगा दे,

प्रीत की नवीन परिभाषाएं सिखा दे,

सोए हुए पांवों को

नए पथों पर चलना सिखा दे,

किसी मरुस्थल को मरुद्यान बना दे,

पतझड़ को भी बसंत बना दे,

मुरझाए हुए उपवन में भी सौ सुमन खिला दे,

किसी ठहरी हुए नदी को बहना सिखा दे

किसी जर्जर नाव को

तूफानों से लड़ने का साहस लौटा दे,

किसी कवि के बिखरे हुए शब्दों को

समेटकर उनमें नए अर्थ बसा दे ,

किसी टूटे हुए साज़ के तारों को जोड़कर 

उसके खोए हुए राग वापस लौटा दे।


कितनी ही बार

वह दृष्टियां हमें छूतीं भी हैं या नहीं

हमें पता नहीं होता सही -सही,

पर उनके स्पर्श का भ्रम ही

बहुत कुछ बदल देता है,

अच्छे के लिए

सुखद के लिए

वो अनुभूति

जिसको हम खोना नहीं चाहते।


पर रह जाता है उन दृष्टियों की

उष्मा को उसी तरह

अपनी दृष्टि से लौटा पाना।


साहस का अभाव, संकोच,शर्म,

अहंकार, क्षुद्रता, अपात्रता,

लोगों के उपहास का डर

खोखली नैतिकताएं की जकड़न,

समाज के नियमों का बंधन,

पाप -पुण्य की परिभाषाएं

कठिन बना देती हैं

जो मिल रहा है उसका लौटा पाना

पूरा नहीं तो अंश ही सही।


हमारी दृष्टि का ये ठंडापन

सोख लेता है,

कितनी ही उदार दृष्टियों की

जीवनदायिनी ऊष्मा।


जो अच्छा हो अपने लिए

जो हो सुखद

उसे लेना हमें सदा भाता है,

पर शायद उसी अनुपात में

उसी तरह लौटाना नहीं आता है।