गांधारी ये निर्णय तुम्हारा

बांध नेत्रों पर पट्टी ,स्वीकारना नेत्रहीनता मेरी तरह

कोरी भावुकता में लिया गया

एक अतार्किक निर्णय है ।

ये मेरा है विचार ,

मुझे तुम्हारा ये निर्णय नहीं है स्वीकार।

मैं नहीं चाहता तुम चलो पीडा़ओं के उस पथ पर

जिनसे मैं गुजरा अब तक

और मुझे जिस पर चलना है जीवन भर

मैं नहीं चाहता ,जरा भी नहीं चाहता

तुम ओढ़ों ये अंधकार ।

मैं प्रतिदिन इस अंधकार से लड़ता रहता हूं

नित्य थोड़ा टूटता थोड़ा बिखरता रहता हूं।

मैंने अपना क्या-क्या खोया है

कभी तुम्हें बतलाऊंगा,

हृदय की अपनी सारी पीड़ाएं तुमसे बांटूंगा

दुख अपने सब तुमको दिखलाऊंगा।

मैं जानता हूं इस पीड़ा को,

जब देख न पाओ उगते सूर्य की प्रखर रश्मियों को

तुम देख न पाओ प्रकृति में बिखरे अनगिनत रंगों को

शीतल चंद्र को ,रंगीन पुष्पों को ,हरे तरुओं को

जब तुम देख न पाओ नीलगगन में उड़ते पक्षियों को

जब तुम देख न पाओ अपने प्रियजनों के मुख

कहां तक तुम्हें बताऊं, कितना तुम्हें गिनाऊं

होते हैं कितने हम नेत्रहीनों के दुख।

मन बिंधता है जग के निर्मम व्यंग बाणों से

हृदय पर किये कितने आघातों से

जग इन पीडा़ओं को कब समझता है।

कहां समझता है ये स्वेच्छा से

वरण ओढा़ अंधकार नहीं है

है ये जन्म जात ईश्वर प्रदत्त

जिस पर नहीं है कोई अधिकार

मैं नहीं चाहता तुम ओढ़ों ये अंधकार।

तुम्हारा कोमल मन

इन दुखों को सह न पायेगा

मैं चाहता हूं तुम मेरा जीवन संबल बनो

तुम मेरी दृष्टि, मेरा जीवन बल बनो।

तुम मेरी सामर्थ्य, मेरी शक्ति, मेरा साहस बनो

तुम मेरा गौरव मेरा सम्मान बनो।

अब तक सहे है मैंने मौन

कितने ही तिरस्कार, कितने ही अपमान

मैं चाहता हूं अब तुम मेरा अभिमान बनो ।सुनो गांधारी सुनो

मैं चाहता नहीं तुम मेरे लिये ये अंधकार चुनो।

अर्थहीन है तुम्हारी ये प्रतिज्ञा मेरे लिये

क्या अर्थ है चुनने का अंधकार

जब तुम बन सकती हो दृष्टि मेरी

पर तुम हो अपने निर्णय की अंतिमअधिकारी

पर करो अपने निर्णय पर पुनर्विचार।

मैं नहीं चाहता तुम ओढ़ों ये अंधकार

सोचो जो हो अच्छा तुम्हारे लिये ,मेरे लिये,

आने वाली संतानों के भविष्य के लिये।

पर मैं पुनः हूं ये दोहराता

चाह मेरी है यही तुम खुले दृगों से

मेरा बल,मेरा जीवन संबल , मेरी दृष्टि बनो।

सुनो गांधारी सुनो