झरते हुए एक पीत पत्ते ने,

पेड़ से,

झरते-झरते बस ये कहा,

मुझ एक के गिरने का

शोक तुमको क्यों मनाना?


मेरा पतझर में झर जाना,

मेरा है, पर

नहीं है तुम्हारा अंत।


तुम्हारी शाखों पर अभी

न जाने कितने पात हरे आयेंगे,

देखोगे तुम अपने जीवन में

अभी न जाने और कितने बसंत।