मैंने देखा है अपने जीवन में


चूल्हों का क्रमिक विकास


जैसे राष्ट्र के विकास की तरह


चूल्हों का क्रमिक विकास भी


एक कथा है


एक परिवार के


एक समाज के


विकास की कथा भी


उसमें निहित है।


एक(१).


गांव में घरों में


शहरों में भी


घरों में बनता था


मिट्टी के चूल्हों में


पेड़ों की


काटकर सुखाई हुई लकड़ी से


बनता था खाना


बाज़ार में बिकती थी ये


खाना बनाने वाली लकड़ी,


जो मिलती थी


किलो के भाव तौल कर


दो.(२.)


गांव में बनता था


गोबर से पाथ कर


बनाए हुए -सुखाए हुए


उपलों पर भी खाना


उपलों पर गरम

औंटे दूध का स्वाद

एक अलग ही

मिठास लिए होता था


३.


बाद में आए गांव में


गोबर गैस प्लांट


जिनके घर जानवर


(जिनको हम गोरु भी कहते थे )


यदि होते थे


और प्रचुर मात्रा में


गोबर उपलब्ध होता था


उनके घर ही


गोबर गैस प्लांट लगता था


गोबर गैस यानी बायोगैस से


पतले-पतले पाइपों से


आती थी चूल्हे में


जिसकी गैस पर बनता था खाना


गोबर गैस प्लांट से


बनती थी बिजली भी


जिससे जलते थे


ढिबरी की तरह टिमटिमाते


टंगस्टन के फिलामेंट वाले बल्ब


जो देते थे


धीमी-मद्धम पीली रोशनी


जो रोशनी का सिर्फ आभास देती थी


पर जिस ज़माने में


बिजली


एक अनुपलब्ध उत्पाद था


इन टिमटिमाते बल्बों की रोशनी भी


एक सुखद अनुभव था।


कुछ भी कहें


इन मिट्टी के चूल्हों पर


बनाए जाने वाले


खाने का स्वाद ही अलग होता था


अम्मा के हाथों इस चूल्हे में


हाथ में चिमटा पकड़ कर


फुलाई गई रोटियों की स्मृतियां


और उनका स्वाद और


ज़मीन पर पलत्थी मार कर खाना


आज तक है मुझे याद


भूला नहीं हूं मैं


४.


कभी-कभी कहीं- कहीं


कोयले की अंगीठी पर भी


बनता था खाना


जहां उपलब्ध होता था कोयला


५.


इसके बाद आई बुरादे की अंगीठी


लकड़ी चीरने वाली आरा मशीनों


यानी सा मिलो में


जो गिरता था लकड़ी का बुरादा


उसे इस्तेमाल करते थे हम


बुरादे की लोहे की अंगीठी में


खाना बनाने के लिए


हम जाते थे और


बुरादा खरीद कर लाते थे बोरियों में


फिर बुरादे की अंगीठी में


लोहे की कुटनी से


कूट-कूट कर भरते थे।




बुरादा अंगीठियों में


जितना कूट कर भरा जाता था बुरादा

उतनी ही देर तक जलती थी अंगीठी।


बुरादा भरना


मेहनत का काम होता था


इसलिए अम्मा ने बांट दिया था


हम सब में दिन के अनुसार से


बुरादा भरने का काम,


जब हमारा नंबर आता था


तब हमें अंगीठी में


बुरादा भरना पड़ता था।


वैसे यह कोई प्रिय काम नहीं था


क्योंकि इसमें बहुत समय लगता था


पर अंगीठी की भराई न होने पर


कभी-कभी


हमारी कुटाई भी हो जाती थी।


बुरादे की अंगीठी जाड़े में


हाथ सेंकने के काम भी आती थी


गोल घेरे में सब लोग


अंगीठी के चारों तरफ़ बैठ जाते थे

और अंगीठी की बची हुई आग से

हाथ तापते थे


६.


इसके बाद आया


केरोसिन का स्टोव।


दो तरह के होते थे


यह केरोसिन के स्टोव


एक बत्ती वाला और


एक बिना बत्ती वाला


बत्ती वाले स्टोव


बिना बत्ती वाले


पीतल के स्टोव को


बहुत देर तक पम्प करना पड़ता था


जो नीली लौ के साथ जलती थी


हां ये तो बताना मैं भी भूल गया कि


ये केरोसिन का तेल


हम राशनकार्ड से


राशन की दुकानों से घंटों


लाइन में लगकर लाते थे


उन दिनों राशन की दुकानों से


कुछ भी मिलना


एक अभूतपूर्व सफलता होता था।


सात (७).

फ़िर आये एल.पी.जी सिलिंडर और


बर्नर वाले गैस के चूल्हे


जिसके आने से


गृहणियों की


बहुत सारी मुश्किलें आसान हो गईं।


पर गैस का कनेक्शन पाना


आरंभिक दिनों में


एक मध्यमवर्गीय परिवार के लिए


एक स्वप्न सरीखा और एक


जंग जीतने जैसा होता था


आठ(८.)

अब तो गैस

सीधे बिना सिलिंडर के


किचन में

पाइपों द्वारा पहुंच जाती है


और भी बहुत सारे

साधन उपलब्ध हैं

हाट प्लेट और भी बहुत कुछ।


पता नहीं चूल्हों की


ये क्रमिक विकास कथा


कोई कविता है या नहीं


पर मुझे लगता है जैसे


ये मेरी जीवन यात्रा के


विकास की कथा है


संघर्षों की कथा है


कितनी स्मृतियों की कथा है।


(हां इससे आप


मेरी उम्र का भी अनुमान लगा सकते हैं


पर मैं प्रागैतिहासिक युग का नहीं हूं)