सोचता हूं मैं /कभी -कभी /क्यों लिखते हैं हम/कभी अपनी व्यथा/कभी जग की कथा
फिर लिखकर/छोड़ देते हैं अपने शब्दों को/
किसी यात्रा पर / इस आभासी दुनिया में
जहां पहले से ही/तैर रहीं हैं इतनी ध्वनियां
भटक रहे हैं इतने शब्द/घूम रहे हैं इतने विचार/हम मुक्त करते हैं अपने शब्दों को
साथ उनके अपने मन का एक हिस्सा/
कभी अपनी कोई अनकही पीड़ा/कभी कोई बिन बांटा सुख/थोड़े दुख-थोड़े सुख-थोड़ी आशा-थोड़ी निराशा-थोड़ा प्रेम-थोड़ी घृणा-थोड़ी ईर्ष्या-थोड़ा द्वेष-थोड़ा सत्य-थोड़ी कल्पना /बहुत कुछ /इस हल्की सी उम्मीद के साथ/कि शायद कोई इन शब्दों को छुये/छूकर थोड़ा कभी खुश हो जाये/ कभी कोई दो अश्रु बहा ले/कोई ये कह बैठे बस यही तो मुझे कहना था/लगता है मेरी भावनाओं को दिये शब्द किसी ने/कोई बसा ले हमारे गीत मन में/कोई अपने अधरो से गीत हमारे गाये/कोई इनको हौले-हौले से सहलाये/ जीवित रहें शब्द हमारे, गीत हमारे हमारे बाद भी/ हो जाता है लिखा सफल /
अगर छू सके शब्द हमारे एक भी मन

बदल सके एक भी जीवन