कोलाहलों के

कितने विशालकाय बुलबुले

तैर रहे हैं हवाओं में

अपना विशालकाय उदर लिए,

उनकी क्षुधा,

कभी शांत न होने वाली क्षुधा है।


जैसे बड़ी मछलियां

छोटी मछली को अपना भोजन बनाती हैं,

वैसे ही ये विशालकाय बुलबुले,

हर क्षीण स्वर वाले छोटे बुलबुले को

अपना निवाला बनाकर,

निगल जाना चाहते हैं

इससे उनकी शक्ति में वृद्धि होती है।


अधिकतर छोटे बुलबुले स्वेच्छा से,

अपनी-अपनी पसंद के बुलबुलों में

स्वयं समा जाते हैं

और उनके कोलाहल का

एक नगण्य हिस्सा बन जाते हैं।


पर कुछ क्षीण स्वर वाले बुलबुले,

किसी भी

विशालकाय बुलबुले में नहीं समाते, क्योंकि

उन्हें कोई भी बुलबुला

सदा आकर्षित नहीं करता।


ऐसे ही नगण्य

पर स्पष्ट स्वर वाले बुलबुलों से,

आशंकित और भयभीत रहते हैं,

सारे बड़े बुलबुले, क्योंकि

उन्हें भय होता है कि,

कहीं,

ये क्षीण स्वर वाले स्वतंत्र

छोटे आकार के बुलबुले

एक साथ मिलकर

एक अर्थपूर्ण स्वर न बन जाएं

जो उनके अपने अस्तित्व के लिए

एक चुनौती और संकट न बन जायें।


इसीलिए या तो वह चाहते हैं

हर हाल में उन्हें अपने साथ मिलाना

या चाहते हैं

हर हाल में उनको दबाना।