उत्सव के नाम पर
ये अलग तरह का युद्ध है,
इस्तेमाल होता है लोगों का
इस युद्ध में,
भोंथरे हथियारों की तरह,
पैदल प्यादों की तरह।
युद्ध जीतने या हारने के बाद ,
अगली बार तक के लिए
उन्हें फेंक दिया जाता है,
कबाड़ रखने की किसी जगह में,
और ढकेल दिया जाता है
किसी कोने में
उपेक्षित पड़े रहने के लिए।
वैसे भी भोंथरे हथियार
जो खो चुके हों अपनी धार ,
समाप्त हो चुका हो
जिनका पैनापन ,
जो मात्र प्रदर्शनों हेतु हों
उनकी चिंता या
उनसे घबराहट किसे होती है
पैदल प्यादों की तो
परवाह ही कौन करता है ।