कभी-कभी हम चाहते हैं कि
भविष्य में भी कुछ न बदले,
सब कुछ रहे पूर्ववत
वैसे का वैसा ही।
वही चीजें , वही जगहें,
वही लोग, वही रास्ते,
वही जाने पहचाने दृश्य
वही रोज़मर्रा की घटने वाली
मामूली घटनाएं।
इन सबके न बदलने से हमें
एक अजीब क़िस्म की आश्वस्ति होती है
और अपने न बदल पाने का
कोई दुख नहीं होता।
हमें भय होता है परिवर्तन से,
हम सोचते हैं कि
यदि सब कुछ बदल गया कल,
चीज़ें , जगहें ,रास्ते, लोग, दृश्य
और हम उनसे तारतम्य न बिठा पाए
तो क्या होगा?
या फिर हम न बदल पाए वैसे
जैसे बदलते समय के साथ
बदलना चाहिए तो फिर क्या होगा?
बस इसी भय के कारण
नहीं चाहते हम
कि बदले कुछ भी,
चाहते हैं हम
कि रहे सब कुछ पूर्ववत
वैसे का वैसा।