किसी ने पूछा था श्वेत हो जाने का मर्म
संभवतः वो भूल गया था
सब रंग समाहित होते हैं सफेद में
सारे रंग जब
अपने व्यक्तिगत अस्तित्व को भूलकर
अपने अहम् को भूलकर
एक दूसरे में मिलते हैं
तब कहीं जाकर जन्म लेता है श्वेत
फिर जब टूटता है श्वेत रंग
तब जाकर बिखरते हैं सारे रंग
जीवन मेंं, संसार में
विज्ञान की भाषा में
सरल शब्दों में अगर कहें तो
जो रंग परावर्तित होकर आते हैं
हमारी आंखों तक
देख पाते हैं बस हम वही रंग
या उन चीजों को उन्ही रंगों मेंं
हम देख नहीं पाते हैं वो रंग
जो प्रकृति में बिखरे कितने अवयव
कर लेते हैं अवशोषित
पर हम मनुष्य कर नहीं पाते हैं ऐसा
हम हर बात
हर चीज, हर घटना
हर शब्द मेंं
भर लेते हैं अपने रंग
अपनी कल्पनाओं से
अपनी भावनाओं से
अपने पूर्वाग्रहों से
अपने दुराग्रहों से
और देखते हैं वो
जो हम देखना चाहते हैं
या जो हमें देखना सुहाता है
बस इस चक्कर में छूट जाते हैं
कई बार हमसे वो रंग जो होते हैं
या हम देखने लगते हैं वो रंग
जो वहां होते ही नहीं
अगर सीख ले हम श्वेत होना
करके समाहित सारे रंग
या बिखेर सकें वो सारे सात रंग
जो समाहित हैं सफेद रंग में
हमारे अंतर मेंं
तो शायद हम सीख जायेंं जीना
पर सही अनुपात जरूरी है
पर हम कहां कर पाते हैं ऐसा
अक्सर हमारे सारे अनुपात गड़बड़ा जाते हैं
आसान कहांं होता है श्वेत होना