बीतते हुए समय के साथ
कितनी बार ये आभास होता है
जैसे बीतते जा रहे हैं हम भी
हमारी सामर्थ्य चुकती जा रही है
बांहें सच का बोझ उठाने में असमर्थ होने लगीं हैं
पांव बहुत जल्दी थक जाते हैं
उन रास्तों पर ज़रा सी दूर चलकर ही
जो थोड़े से ऊबड़ खाबड़ और असमतल हों
अधर चुप्पी साध लेते हैं वहां भी
जहां बोलना नितांत आवश्यक है
कान कोलाहलों की कर्कशता से घबराकर
स्वतः मुंद जाते हैं
और नहीं सुन पाते
उन स्वरों को भी जिन्हें सुना जाना जरूरी है
आंखें अनदेखा कर देती हैं उन दृश्यों को
जिनसे असहजता उपजती हो
एक विवशता कुछ न कर पाने की जागती हो
कुल मिलाकर
लगता है तेजी से भाग रहे समय के साथ
सामंजस्य नहीं बैठा पा रहे हैं
अपने अप्रासंगिक होने का डर लगता है
फिर कई बार लगता है कि
अतीत से जोंक की तरह चिपके हुए
हम भी उसी भागती भीड़ का हिस्सा बन गये हैं
जो दिन ब दिन बस एक ही रास्ते पर
चकरघिन्नी की तरह चक्कर काटती है
सुबह उठती है रोते झींकते
और अपनी दैनिक ऊबाऊ दिनचर्या दोहराकर ,
थककर रोते झींकते सो जाती है।
हमें अप्रासंगिक होनेका कोई खतरा नहीं
हम अप्रासंगिक हो चुके हैं
बस स्वीकारना नहीं चाहते।