हमने वर्गीकृत कर दिया है,
हर जघन्य अपराध को,
यहां तक कि
पाशविक बलात्कार
और नृशंस हत्या को भी,
जाति,धर्म, प्रदेश, नगर और
ग्राम के आधार पर।
अपराध-
किसने किया, किससे किया
करने वाले का धर्म क्या है?
मरने वाले का धर्म क्या है?
करने वाले की जाति क्या है?
मरने वाले की जाति क्या है?
मरने वाले ने कपड़े कैसे पहने थे
इतनी रात में अकेले
वहां क्या कर रही थी ?
किस राज्य में
किस नगर में
किस गांव में घटना घटी,
कौन सांसद, कौन नेता
किसकी सरकार
इन सब बातों पर
एक अर्थहीन बहस छिड़ जाती है
कोई नहीं समझता
एक अपराध हुआ है,
एक जघन्य अपराध
जिसमें एक बेटी ने अपने प्राण गंवाए हैं
कहां हुआ,किसकी सरकार है
क्या अर्थ है इन बातों का
क्या हमें नहीं लगता कि
ऐसी घटनाएं
कहीं भी नहीं होनी चाहिए।
शव की दिल दहला देने वाली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट छोड़कर
कई बार तो लोग
लड़की के चरित्र का पोस्टमार्टम तक
करने में लग जाते हैं।
जो सरकारें हैं
जिन पर
सुरक्षा प्रदान करने की
सब कुछ संभालने की ज़िम्मेदारी है
वो अपने जोड़-घटाना, गुणा-भाग लगाकर
लाभ-हानि की गणना करने के पश्चात
जैसी उनको सहूलियत होती है
वैसा कार्य करती हैं।
आरोपों प्रत्यारोपों का,
शोर मचाती
बहसों का
एक दौर शुरू हो जाता है।
राजनीतिज्ञ जिनसे
निष्पक्षता की आशा मूर्खता पूर्ण है
क्योंकि उन्हें
हर अपराध को वर्गीकृत कर
अपना फायदा नुकसान
देखने की आदत है।
उनमें से कुछ-
ये सोचते हैं
हमें चुप रहना है कि
बोलने की दरकार है,
कुछ लोग मौन रहते हैं
क्योंकि बोलने से उनके
वर्तमान संबंध प्रभावित होते हैं,
कुछ लोग शोर मचाते हैं
क्योंकि इससे उनकी
भविष्य की संभावनाएं
चमकदार हो सकती हैं ।
वो हमें इतिहास में ले जाते हैं
भूगोल समझाते हैं
उनका अतीत मोह अद्भुत है
तुलनाएं करना वो कभी नहीं भूलते
कुछ लोग तटस्थ रहते हैं क्योंकि
वो ये मान चुके हैं कि
कुछ भी नहीं बदलने वाला
सो वो अपना सारा आक्रोश
खाना खाते हुए
टीवी पर चिल्लाते हुए
न्यूज़ एंकरों की बहस देखते हुए
व्यक्त करते हैं।
हमारी संवेदनाएं लगभग मर चुकी हैं
हमारा आक्रोश और
हमारी बहसों
घर की चारदीवारियों तक सीमित है।
बुद्धिजीवी और पत्रकार
यहां भी लोग खांचों में बंटे हुए हैं
और लगभग उन्हीं राजनीतिज्ञों वाली
मौन या मुखर लोगों की श्रेणी में आते हैं।
अपराध करने वालों के मन में
किसी भी तरह का कोई भय नहीं होता
तभी तो कोलकाता के अस्पताल में
ऐसा जघन्य कृत्य करने वाला हत्यारे ने
अपने कपड़ों से
ख़ून के छींटें भी साफ़ करना
जरूरी नहीं समझा और
वो बड़े आराम से
जाकर वहां गहरी नींद में सो गया
जहां से उसके होने की
कल्पना भी संभव नहीं थी।
हत्यारे की
ऐसी आश्वस्ति,ऐसी निर्भयता
क्या भयावह , क्या डराने वाली नहीं है?
हम सब इस चीज़ उस चीज़ को
इसको-उसको
दोष देते हैं,
पर कभी ये नहीं सोचते
असल में
हत्यारा आया कहां से?
वो तो यहीं था,
इसी समाज में,
हम सबके बीच,
जहां
कितने हत्यारे,बलात्कारी घूम रहे हैं
निर्भय होकर
क्योंकि उन्हें लगता है कि
वो पकड़े नहीं जायेंगे,
यदि पकड़े भी गए तो
सज़ा नहीं मिलेगी या फ़िर
आ जायेंगे कुछ लोग तो
उन्हें भी बचाने
भूलकर उनका जघन्य अपराध,
बस देखकर
उनकी धर्म-जाति
प्रदेश, नगर, ग्राम।
जब तक हम करते रहेंगे
अपराधों का वर्गीकरण
जाति -धर्म, प्रदेश-नगर
ग्राम के आधार पर,
हमारे कर्णधार सुविधा अनुसार
रहेंगे मौन या मुखर
मचाएंगे शोर
या ग़ायब रहेंगे उनके क्षीण से भी स्वर,
जो वर्तमान को भूलकर
ले जाएंगे हमें इतिहास भूगोल में,
देखेंगे अपना नफा- नुकसान,
जब तक हम(जो बचे हुए हैं)
नहीं बदलेंगे
हर बार
हमारे बोल नहीं फूटेंगे
हम उनके साथ नहीं खड़े होंगे
जो सचमुच पीड़ित हैं,
आंदोलित हैं
आक्रोशित हैं,
तब तक
शायद कुछ भी नहीं बदलेगा।