अपने भीतर ही करता रहता हूं
मैं कितनी यात्राएं
शांति सारी बसती यहीं
यहीं उपजे कितने कोलाहल हैं।
कितने पथ हैं कितनी भटकन हैं
कहीं छांव है कहीं जलन है।
है कहीं शीत तो कहीं गलन है
कहीं उत्साह है तो कही थकन है ।
कहीं यथार्थ का कठोर धरातल
तो कहीं कितने कोमल स्वप्न हैं ।
ईर्ष्या, घृणा, द्वेष सब हैं यहीं पैर जमाए बैठे
यहीं प्रीत के यहीं पुष्पित,पल्लवित उपवन हैं।
सब कल्पनाएं हैं जन्म लेती यहीं
होता यहीं स्वयं का सच्चा दर्शन है।
मुक्ति के सब द्वार मिलते यहीं
यहीं बंधे सारे बंधन हैं।
साहस,शौर्य ,धैर्य सब हैं यहीं
यहीं सारे भय और कायरपन हैं।
हैं सारे तिमिर बसते यहीं
हैं यहीं है जो भी उजलापन है।
सब दुख हैं इन्हीं पथों पर भटकते
यहीं मिलते सुख के जो भी क्षण हैं।
लघुताएं सब यहीं हैं पलतीं
असीमित संभावनाओं के खुलते द्वार यहीं
भविष्य के स्वप्नों के बीज होते अंकुरित यहीं
कुंठाएं सब यहीं करती निवास
भावनाएं सब जनमती यहीं
कामनाएं जागतीं यहीं
कल्पनाएं लेतीं आकार यहीं
संबंधों के रखी जाती नींव यहीं
जीवन के सब आधार यहीं
जो मिला नहीं पथ इन यात्राओं में
वो कब मिले जीवन में
बुने नहीं गये जो स्वप्न
वो सत्य कब भला हुए
खोजी नहीं गयीं जो संभावनाएं
वो कब मूर्त हुए
रखी नहीं गयी जिन संबंधों की आधारशिला
कब भला खड़ी हो पायी गगनचुंबी ईमारत उन पर
गीत जो उगे नहीं अंतर में
कंठ तक भला कब आए।