सच झूठ की

कोई भी सीमा रेखा नहीं है,

नहीं हैं,

इस युद्ध के कोई नियम नहीं हैं ,

यदि है भी तो

कभी भी

सुविधा अनुसार बदले जा सकते हैं ।

यहां दर्शन के

उच्चतम आदर्शों का पालन होता है

न कोई स्थाई मित्र

न स्थायी शत्रु होता है,

मित्र शत्रु हो सकते हैं,

शत्रु मित्र हो सकते हैं ,

घोर पापी जन

पुण्य आत्मा में बदल सकते हैं,

पुण्य आत्माएं

घोर पापी हो सकती हैं

अपनी ही कही हुई बातों से

साफ़ मुकरा जा सकता है

जो कभी कही नहीं बातें

उनको भी कहा सिद्ध किया जा सकता है

किसी को भी अपनाया जा सकता है

किसी को भी ठुकराया जा सकता है ।

सच को झूठ

झूठ को सच बनाया जा सकता है,

भूलने के लिए

तमाम वादे किए जा सकते हैं,

तमाम किए वादे

सरलता से भूले जा सकते हैं।

अभिनय की तमाम बारीकियां

यहां इस्तेमाल की जा सकती हैं

भोले दर्शकों को लुभाने के लिए

शब्दों का नाटकीय प्रयोग

आवाज़ में उतार चढ़ाव

चेहरे की बदलती भाव भंगिमाएं।

भावनाओं से

चतुरातापूर्वक खेला जा सकता है

लोगों को कल्पित भयों से

भयभीत किया जा सकता है ,

भविष्य के कल्पित सुखों के स्वप्न से

हर्षित किया जा सकता है ।

लक्ष्य प्राप्ति के लिए

कुछ भी किया जा सकता है

किसी भी स्तर तक गिरा

या उठा जा सकता है।