कोई नदिया लहराती जैसे तुम मुझको देकर जाती हो

नील नभ का कोई टुकड़ा मैं तुमको देकर जाता हूं।


इस अनाम संबंधों की अजब सी है उलझी डोर

कुछ तुम सुलझाती रहती हो, कुछ मैं सुलझाता रह जाता हूं ।


क्या पनपा है, क्या उपजा है मध्य हमारे कौन जाने

फलीभूत होने की कामनाएं कुछ तुम करती हो कुछ मैं करता जाता हूं।


परिचय की चाह, पर अपरिचय की मध्य खड़ी इतनी दीवारें

तुम चाहती हो लांघना पर मैं लांघ न पाता हूं।


कहने का सुख पाते नहीं,न कह पाने की पीड़ा ही रहती है

कुछ दुःख तुम पाती हो, कुछ दुःख मैं उठाता हूं।


इन उपजी बेमौसम कामनाओं का भविष्य सोच कर

तुम क्या सोचती पता नहीं,पर मैं स्वयं ही सिहर जाता हूं ।


हैं इतने बंधन मन पर जो चाहते हैं हम तोड़ना पर चाह कर भी,

न तुम उन्हें तोड़ पाती हो, न मैं ही तोड़ नहीं पाता हूं।


तुम कर देती हो कितनी सहजता से अपने प्रेम का उद् घोष अपने गीतों में

मैं कहां अपने शब्दों में कहते हुए भी सहज रह पाता हूं।