चाहिए थे उन्हें भी उम्र भर के वचन
अधूरे थे जिनके अपने समर्पण।
किसी और के पथ पर चलते रहे जीवन भर
करते रहे अपने अधूरे सपनों का तर्पण।
अकारण ही थीं जब सब दुःख,सब उदासियां
क्या समझाते,कैसे बताते लोगों को उसका कारण।
खड़े थे उम्र के उस मोड़ पर,जहां स्वीकारना असंभव था
ठुकराते रहे न जाने कितने नैनों के स्नेहिल आमंत्रण
ऐसा न है यथार्थ का ज्ञान नहीं हमें
पर कल्पनाओं पर कैसे करते नियंत्रण।
जीवन में मन के अपने दुख है
पांवों के दुख के हैं अपने कारण।
अपने ही धुंधले प्रतिबिंब को देखकर कुछ लोग
तोड़ते रहते हैं जीवन भर उजले दर्पण।
कुछ नहीं,बस एक व्यथा सी रह गयी हृदय में ,उनकी
स्वीकारने की चाह थी,पर अस्वीकारने पड़े जो आमंत्रण।