मैं चाहता हूं कि
कभी ऐसा हो
जिनसे मैं प्रेम
या अनुराग करता हूं
अपनी कल्पनाओं में
अलग-अलग बातों के लिए
अलग-अलग तरह से
पर जो मेरे पास नहीं हैं
कभी शायद
मेरे पास हो भी नहीं सकते
या मैं उनके पास नहीं हो सकता,
मैं उनसे मिलूं बहुत करीब से
बहुत अलग तरह से।
मैं उनके सम्मुख रहकर
पर उनकी दृष्टि से दूर रहकर
उनके साथ
कुछ क्षण व्यतीत करना चाहता हूं।
वो मुझे मिलें
किसी ऐसी जगह अकस्मात
जहां दूर से देखता रहूं मैं उन्हें
बिना उन्हें पता चले
बिना उन्हें परेशान किए
बिना उनके आराम में
कोई खलल डाले।
एक दिन जब वो
वहां से जाने लगें तो
उनके जाने से पहले
बिछड़ने से पहले
मैं उन्हें बताऊं कि
मैं उन्हें कैसे जानता हूं
और उनके चेहरे पर
परिचय
अपरिचय
विस्मय
प्रेम
घृणा
क्रोध
असमंजस
हताशा
या निर्विकार
भाव देखूं ।
मैं जानता हूं कि
इस तरह की कल्पनाएं
प्रायः सत्य नहीं होतीं,
पर मैं संभवतः
इस तरह की कल्पनाओं में ही
उनसे मिलने का मार्ग ढूंढ़ पाता हूं
इसके अतिरिक्त मुझे
कोई उपाय नहीं सूझता
उनसे मिलने का।
नैतिकता के
निर्धारित मापदंडों के परे
समाज के
निर्धारित मापदंडों को तोड़कर
इस युग में
प्रेम करने के लिए
ऐसा अनुराग करने और जताने के लिए
अद्भुत साहस चाहिए
ऐसा साहस विरलों में ही होता है।