दृष्टि जब तक सीख पाई देखना

कानों ने जब तक सीखा सुनना

हाथों ने जब तक समझा स्पर्श का अर्थ

पांवों ने जब तक चलना सीखा और

उन्हें हुआ दिशाबोध

आंखों ने जब तक देखा स्वप्न सजाना

जब तक हृदय ने समझा

किसी की भी वेदनाओं को अनुभव करना

आत्मा ने जब तक सीखा जागना

तब तक शायद बहुत विलम्ब हो चुका था

उम्र की गठरी में

शायद बहुत कुछ नहीं बचा हो शेष।


कुछ पता भी नहीं

क्या शेष है उम्र की उस गठरी में

पर जो भी थोड़ा सा शेष है,

उसी में है थोड़ी सी आकांक्षा जीने की

उस दृष्टि के साथ जो देख सकती हैं

उन कानों के साथ जो सुन सकते हैं

उन हाथों के साथ

जो समझते हैं स्पर्शों के अर्थ

उन पांवों के साथ जो चलना जानते हैं

और जिनको हो गया है दिशाबोध

उस हृदय के साथ

जो अनुभव कर सकता है

वेदनाएं किसी अंतर की भी।


उस अंतर्बोध के साथ

जिसे कहते हैं संभवत आत्मा ।